बनारस न्यूज डेस्क: कज्जाकपुरा ओवरब्रिज शुरू होते ही आसपास के इलाकों में यातायात की समस्या और गंभीर हो गई है। रविवार को गोलगड्डा, कज्जाकपुरा और जलालीपुरा मार्ग सुबह से लेकर शाम तक लगातार जाम की चपेट में रहे। मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारों के चलते गलियों तक में जाम लग गया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
जाम की मुख्य वजह ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव और जलालीपुरा की ओर से आने वाले ट्रैफिक को कज्जाकपुरा होते हुए गोलगड्डा की तरफ मोड़ना बताया जा रहा है। करीब 500 मीटर के दायरे में वाहनों की गति बेहद धीमी हो जाने से हालात और बिगड़ गए। आदमपुर थाना और ट्रैफिक पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन अब तक कोई असरदार ट्रैफिक प्लान लागू नहीं हो सका।
ओवरब्रिज चालू होने के बाद गोलगड्डा से कज्जाकपुरा मार्ग पर स्कूली वाहन, ई-बस, पिकअप, कार, ऑटो और दोपहिया वाहन कुछ ही दूरी तय करने में घंटों लगा रहे हैं। हनुमान फाटक इलाके के डब्लू यादव, मनोज कुमार, बाबू सिंह और संजय साव का कहना है कि लगातार दूसरे दिन जाम लगने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों को घर से वाहन निकालने से पहले कई बार सोचना पड़ रहा है।
कज्जाकपुरा आरओबी से सारनाथ की ओर जाने वाले वाहन भी जाम में फंस रहे हैं। लोगों को उम्मीद थी कि ओवरब्रिज खुलने से यातायात सुगम होगा, लेकिन रूट डायवर्जन और सड़क पर रखे डिवाइडरों के कारण उलटा असर देखने को मिल रहा है। गोलगड्डा से कज्जाकपुरा और सारनाथ की तरफ जाने वाले वाहनों को आरओबी पर चढ़ते समय रफ्तार कम करनी पड़ रही है, जिससे जाम की स्थिति लगातार बनी हुई है।